सीधी(ईन्यूज एमपी)- नव वर्ष 2026 के आगमन को लेकर सीधी पुलिस ने जिलेवासियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी (भा.पु.से.) ने आमजन को नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि नया साल शांतिपूर्ण, सुरक्षित और नियमों के पालन के साथ मनाया जाए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर जिलेभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे और किसी भी तरह की लापरवाही या कानून उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नववर्ष के अवसर पर लोग उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित करते हैं, ऐसे में सभी आयोजकों की जिम्मेदारी है कि वे निर्धारित समय का पालन करते हुए कार्यक्रम स्वयं समाप्त कराएं। डीजे और लाउडस्पीकर का उपयोग केवल सुप्रीम कोर्ट और शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही किया जाए तथा इसके लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। एडवाइजरी में बताया गया है कि नववर्ष की रात जिले के विभिन्न स्थानों पर पुलिस द्वारा सघन चेकिंग और पेट्रोलिंग की जाएगी। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों और तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने वाले चालकों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। इसके अलावा नववर्ष के मौके पर जिले के प्रमुख होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और धर्मशालाओं पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों का सहयोग करने का आग्रह किया है। पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आयोजित कार्यक्रम स्थलों पर पार्किंग और उसकी सुरक्षा व्यवस्था आयोजकों द्वारा ही सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और अफवाह फैलाने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी और नववर्ष की आड़ में असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सीधी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध या असामान्य गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, पुलिसकर्मी या डायल 112 पर दें। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिला पुलिस सीधी आमजन की सुरक्षा और सहयोग के लिए सदैव तत्पर है।