भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में घने कोहरे, तेज ठंड और शीतलहर का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जबकि अधिकतम तापमान भी कई जिलों में 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। शहडोल जिले के कल्याणपुर में बीती रात तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। पचमढ़ी, शाजापुर, रायसेन सहित कई जिलों में ओस की बूंदें जम गईं। मंगलवार सुबह प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे भोपाल, इंदौर और उज्जैन आने-जाने वाली कई ट्रेनें 4 से 5 घंटे तक विलंब से चलीं। तेज ठंड को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेशभर में 31 दिसंबर से 4 जनवरी तक विंटर वेकेशन घोषित किया है। इस अवधि में यूकेजी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूल बंद रहेंगे। विभाग द्वारा इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार जेट स्ट्रीम की रफ्तार 287 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई है, जिसके कारण प्रदेश में दिन-रात ठंडी हवाओं का असर बना हुआ है। बीते 24 घंटों में भोपाल, राजगढ़, इंदौर और शहडोल में शीतलहर का प्रभाव देखा गया। आने वाले दिनों में भी ठंड और कोहरे का असर बने रहने की संभावना है। ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, भोपाल, शाजापुर, रायसेन, विदिशा सहित कई जिलों में कोहरे के कारण दृश्यता कम रही। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 25 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। शहडोल के कल्याणपुर के बाद राजगढ़ 4 डिग्री के साथ दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा। नौगांव (छतरपुर) और उमरिया में 5 डिग्री, पचमढ़ी में 5.2 डिग्री, मलाजखंड में 5.3 डिग्री, मंडला में 5.8 डिग्री, खजुराहो और शिवपुरी में 6 डिग्री, रायसेन में 6.4 डिग्री, दमोह में 6.8 डिग्री, छिंदवाड़ा में 8 डिग्री, टीकमगढ़ में 8.5 डिग्री, दतिया और गुना में 8.6 डिग्री, बैतूल में 8.7 डिग्री, खरगोन, रीवा और रतलाम में 9 डिग्री, सागर में 9.4 डिग्री तथा सीधी और सतना में 9.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। खंडवा, सिवनी और नरसिंहपुर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा, जबकि धार में 11.2 और नर्मदापुरम में 11.7 डिग्री दर्ज किया गया। दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। ग्वालियर में एक ही दिन में अधिकतम तापमान 7 डिग्री गिरकर 15.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। नौगांव में 19.5, खजुराहो में 20.1, रीवा में 20.2, टीकमगढ़ में 21, सतना और सीधी में 21.2 डिग्री तापमान रहा। वहीं भोपाल में 27.2, इंदौर में 28.1 और उज्जैन में 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने नागरिकों से ठंड और कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।