enewsmp.com
Home स्वास्थ्य सीधी:नसबंदी शिविर का हुआ आयोजन, धौहनी विधायक ने हितग्राहियों को बांटे कंबल

सीधी:नसबंदी शिविर का हुआ आयोजन, धौहनी विधायक ने हितग्राहियों को बांटे कंबल

कुसमी(ईन्यूज एमपी)-सीधी जिले के कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी में परिवार नियोजन अंतर्गत महिला नसबंदी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की।

शिविर में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम विशेष रूप से पहुंचे और ठंड के मौसम को देखते हुए हितग्राहियों एवं उनके परिजनों को गर्म कंबल वितरित किए। विधायक ने शिविर का निरीक्षण करते हुए चिकित्सकों को निर्देश दिए कि नसबंदी ऑपरेशन पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित एवं मानकों के अनुरूप किए जाएं। साथ ही वीएमओ को निर्देशित किया कि हितग्राहियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा ऑपरेशन के बाद उनके स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखी जाए।

इस अवसर पर कुसमी बीएमओ डॉ. सुधीर गुप्ता ने महिला नसबंदी से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि यह एक स्थायी परिवार नियोजन विधि है, जिसमें महिला की फैलोपियन ट्यूब को बंद कर दिया जाता है ताकि गर्भधारण न हो सके। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया लैप्रोस्कोपिक विधि, मिनी लैप विधि एवं प्रसव के तुरंत बाद की जाने वाली पोस्ट-पार्टम नसबंदी के माध्यम से की जाती है।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि महिला नसबंदी के प्रमुख लाभों में यह एक बार की प्रक्रिया है, जिससे बार-बार गर्भनिरोधक अपनाने की आवश्यकता नहीं रहती। यह विधि लगभग 99 प्रतिशत तक प्रभावी है तथा 1 से 2 दिनों में महिला सामान्य गतिविधियां प्रारंभ कर सकती है।

नसबंदी शिविर में निर्धारित लक्ष्य से अधिक हितग्राहियों की उपस्थिति रही। विधायक कुंवर सिंह टेकाम के निर्देश पर सभी पात्र हितग्राहियों का परिवार नियोजन सफलतापूर्वक किया गया।

शिविर में एलटीटी सर्जन डॉ. प्रभा तिवारी, डॉ. अमृत सिंह, सी.एल. साकेत, देवेंद्र सिंह, सुभाष सोनी, दीपिका पवार, लल्ली सिंह, राजेश पनिका सहित स्वास्थ्य विभाग का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Share:

Leave a Comment