enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश एमपी में सर्दी का प्रकोप जारी, भोपाल समेत सात शहरों में शीतलहर, मंदसौर में पारा 2.5 डिग्री तक गिरा

एमपी में सर्दी का प्रकोप जारी, भोपाल समेत सात शहरों में शीतलहर, मंदसौर में पारा 2.5 डिग्री तक गिरा

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का दौर लगातार जारी है। रविवार को मौसम विज्ञान विभाग की रिपोर्ट के अनुसार भोपाल सहित सात प्रमुख शहरों में शीतलहर का प्रभाव रहा, जबकि मंदसौर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया।

शीतलहर की चपेट में आए शहरों में भोपाल, राजगढ़, सीहोर, शाजापुर, रीवा, शहडोल और मंदसौर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में सुबह के समय लोगों को तेज ठंड का सामना करना पड़ा। प्रदेश के लगभग 30 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई।

मंदसौर में रविवार रात प्रदेश का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा भी छाया रहा, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। ग्वालियर, खजुराहो, नौगांव और सीधी सहित कई स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा देखा गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड में इजाफा हुआ है। ऊपरी वायुमंडल में तेज गति से बह रही जेट स्ट्रीम भी तापमान गिरने की बड़ी वजह मानी जा रही है।

हालांकि दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी के संकेत हैं, लेकिन रात का पारा अभी कुछ दिन और नीचे रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने ठंड और कोहरे को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने तथा यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Share:

Leave a Comment