भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग में बड़ा संगठनात्मक बदलाव सामने आया है। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को भेजा है। इस्तीफे में उन्होंने स्पष्ट रूप से इसे स्वेच्छा से दिया गया निर्णय बताया है। मुकेश नायक द्वारा भेजे गए हस्तलिखित पत्र में उल्लेख किया गया है कि हाल ही में आयोजित प्रबंध समिति की बैठक में उन्होंने यह आह्वान किया था कि पुराने लोगों को नए लोगों के लिए स्थान खाली करना चाहिए*। इसी भावना के तहत उन्होंने स्वयं आगे बढ़ते हुए मीडिया विभाग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का फैसला लिया। अपने पत्र में मुकेश नायक ने लिखा है कि उन्हें दो वर्षों तक एक बेहद मेहनती, ईमानदार और सक्षम अध्यक्ष के साथ काम करने का अनुभव अत्यंत अच्छा रहा। साथ ही उन्होंने संगठन के लिए कार्य कर रहे नेतृत्व के प्रति सम्मान जताते हुए अपनी अनन्य शुभकामनाएं भी दी हैं। राजनीतिक गलियारों में मुकेश नायक के इस कदम को कांग्रेस संगठन में नई पीढ़ी को आगे लाने और संगठनात्मक पुनर्गठन की दिशा में अहम माना जा रहा है। उनके इस्तीफे के बाद प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग में नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व की ओर से इस्तीफे पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन यह घटनाक्रम प्रदेश की राजनीति में निश्चित रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।