सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। ग्राम पंचायत सोनवर्षा के चमारी सोनवर्षा क्षेत्र में डॉड़ी के समीप ट्रैक्टर बिजली के खंभे से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक की जान चली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार खड़बड़ा निवासी चंद्रमणि पटेल (40 वर्ष), पिता बंशबहादुर पटेल, दिनभर कृषि कार्य करने के बाद ट्रैक्टर और धान दरने की मशीन लेकर अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब 7 बजे डॉड़ी के पास अंधे मोड़ पर ट्रैक्टर तेज गति में होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर सीधे बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर के बाद ट्रैक्टर पलट गया और मशीन के नीचे दबने से चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शी तारा भाई पटेल ने बताया कि अंधा मोड़ और तेज रफ्तार हादसे का मुख्य कारण रहा। पीछे से आ रहे खड़बड़ा निवासी पवन विश्वकर्मा ने स्थानीय लोगों की मदद से मशीन हटवाई और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अमिलिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे मर्चरी हाउस भेजवाया। थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है। बताया गया है कि चंद्रमणि पटेल अपने परिवार का मुख्य सहारा थे और उनके परिवार में तीन बेटियां तथा एक बेटा है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।