भोपाल(ईन्यूज एमपी)- राजधानी भोपाल में आज शनिवार की शुरुआत भीषण आग से हुई यहां के पुल पातरा क्षेत्र स्थित टिंबर मार्केट में शनिवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग करीब पौने तीन बजे सबसे पहले एक फर्नीचर दुकान में लगी, जो देखते ही देखते पास की आरा मशीन तक फैल गई। कुछ ही देर में आग ने फर्नीचर शोरूम और आरा मशीन समेत तीन प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के दौरान आरा मशीन की एक दीवार और शेड गिर गया, जिसकी चपेट में आकर दो कर्मचारियों सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में बाग उमराव दूल्हा क्षेत्र के जुनैद और जावेद के नाम सामने आए हैं। आग की चपेट में आए प्रतिष्ठानों में भोपाल डेकोरेटर और अंजुम भाई की आरा मशीन बताई जा रही है। सूचना मिलते ही नगर निगम के बैरागढ़, फतेहगढ़, कबाड़खाना, माता मंदिर, कोलार फायर स्टेशन के साथ ही भेल प्रशासन की दमकलों को मौके पर भेजा गया। आग की भयावहता को देखते हुए कुल 22 दमकल वाहन आग बुझाने में जुटे हुए हैं। अब तक करीब 50 टैंकर पानी डाला जा चुका है, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तड़के करीब 2.45 बजे सबसे पहले फर्नीचर मार्केट स्थित भोपाल डेकोरेटर शोरूम से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने पास की आरा मशीन को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान दो बार आरा मशीन का शेड गिरा, जिससे आग बुझाने में जुटे लोगों को भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी आरा मशीन के पास करीब दो महीने पहले भी आग लग चुकी है। उस समय भी आग करीब एक घंटे तक लगी रही थी, लेकिन मौके पर पुलिस के केवल पांच छोटे दमकल वाहन पहुंचे थे। भेल प्रशासन को सूचना देने के बावजूद दो में से एक दमकल वाहन खराब होने के कारण कार्रवाई में देरी हुई थी। बाद में फतेहगढ़ फायर स्टेशन से दमकल पहुंचने पर आग पर काबू पाया गया था। लगातार आग की घटनाओं को लेकर स्थानीय व्यापारियों और लोगों में नाराजगी है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।