enewsmp.com
Home सीधी दर्पण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. चंद्रप्रताप तिवारी स्मृति 32वीं व्याख्यान माला संपन्न

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. चंद्रप्रताप तिवारी स्मृति 32वीं व्याख्यान माला संपन्न

सीधी (ईन्यूज़ एमपी)। स्थानीय मानस भवन सीधी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय चंद्रप्रताप तिवारी की स्मृति में आयोजित 32वीं व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। “रोजगारोन्मुखी अर्थव्यवस्था से ही भारत का समग्र विकास संभव है” विषय पर आयोजित इस व्याख्यान माला के मुख्य अतिथि पीएम श्री शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सीधी के प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह रहे।
अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि जब समाज के प्रत्येक व्यक्ति को रोजगार और सम्मानजनक आय मिलेगी, तभी अर्थव्यवस्था सुदृढ़ मानी जा सकती है। इसके लिए कौशल विकास को बढ़ावा देने के साथ कृषि कार्यों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना आवश्यक है।
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्रशरण सिंह चौहान ने कहा कि यदि युवा राजनीति में आगे आना चाहते हैं, तो उन्हें तिवारी जी के विचारों और जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
वरिष्ठ समाजसेवी द्वारका प्रसाद दुबे ने अपने विचार रखते हुए कहा कि किसी के अधीन रहकर नहीं, बल्कि सहयोगी बनकर कार्य करने से समाज और राष्ट्र का विकास संभव है।
व्याख्यान माला में चुरहट के पूर्व विधायक शरदेंदु तिवारी ने कहा कि भारत को ‘सोने की चिड़िया’ इसलिए कहा जाता था, क्योंकि हमारी अर्थव्यवस्था कृषि आधारित थी। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रदीप शुक्ला, बाल कल्याण समिति की सदस्य एवं अधिवक्ता रंजना मिश्रा, भानु पांडे, नारायण तिवारी, अनिल पांडे, भागवत पाठक सहित बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम के संयोजक डॉ. कैलाश तिवारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नारायण तिवारी द्वारा किया गया।

Share:

Leave a Comment