सीधी(ईन्यूज एमपी)-निर्वाचक नामावली विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत जिले में मंगलवार को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार जिले की चार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 1312 मतदान केंद्रों पर प्रारूप निर्वाचक नामावली जारी की गई। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में बैठक आयोजित की गई, जिसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। विशेष गहन पुनरीक्षण की कार्यवाही के दौरान जिले में कुल 68 हजार 4 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से विलोपित किए गए हैं। इनमें मृत मतदाताओं की संख्या 15 हजार 50, अनुपस्थित मतदाता 7 हजार 415, स्थानांतरित मतदाता 39 हजार 720, दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाता 5 हजार 443 तथा अन्य कारणों से अप्राप्त गणना पत्रक वाले 376 मतदाता शामिल हैं। सभी विलोपित नामों की सूची मतदान केंद्रवार पूर्व में बीएलओ और बीएलए बैठकों में साझा की जा चुकी है। प्रारूप मतदाता सूची मतदान केंद्रों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालय, पंचायत भवनों, नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायत कार्यालयों के सूचना पटल पर प्रदर्शित की गई है। इसके साथ ही यह सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर सर्च सुविधा के साथ उपलब्ध है। अनुपस्थित, मृत, स्थानांतरित एवं दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की पृथक सूची भी सार्वजनिक की गई है। प्रारूप प्रकाशन के साथ ही दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 23 दिसंबर 2025 से प्रारंभ हो गई है, जो 22 जनवरी 2026 तक चलेगी। इसके बाद 14 फरवरी 2026 तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप मतदाता सूची की हार्ड कॉपी एवं सीडी उपलब्ध कराई गई। आमजन से अपील की गई कि वे प्रपत्र-6 के माध्यम से नाम जुड़वाने, प्रपत्र-7 के माध्यम से अयोग्य नाम हटाने तथा प्रपत्र-8 के माध्यम से प्रविष्टियों में सुधार के लिए आवेदन करें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से ऐसे पात्र युवाओं से आग्रह किया, जो 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वे अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं, ताकि लोकतंत्र में उनकी सहभागिता सुनिश्चित हो सके। बैठक में उपखंड अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, जिला जनसंपर्क अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के सफल क्रियान्वयन के लिए आमजन से सहयोग की अपील की है।