भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश निर्वाचन विभाग आज पूरे प्रदेश में एसआइआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी करेगा। इसके तहत सभी मतदाता अपने नाम की वर्तमान स्थिति, मतदाता सूची में शामिल विवरण और संभावित त्रुटियों की जांच कर सकेंगे। यदि किसी मतदाता का नाम हट गया है या उसके विवरण में कोई गलती पाई जाती है, तो वह आपत्ति दर्ज करा सकता है। ड्राफ्ट मतदाता सूची जिला तथा तहसील स्तर पर सभी मतदान केंद्रों पर चस्पा की जाएगी, साथ ही इसे ऑनलाइन भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि लोग मोबाइल या कंप्यूटर से भी अपनी जानकारी देख सकें। मतदाता अपने नाम, उम्र, पता और अन्य विवरण की सटीकता सुनिश्चित कर सकेंगे। आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया: ड्राफ्ट सूची जारी होने के साथ ही आपत्ति/दावा प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। मतदाता, जिनका नाम सूची से हटाया गया है या जिनके विवरण में गलती पाई जाती है, वे 22 जनवरी 2026 तक आपत्तियाँ दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए वे अपने मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर सकते हैं या ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाताओं से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द सूची में अपना नाम ढूंढ़ें तथा आवश्यक सुधार हेतु समयबद्ध तरीके से आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि आगामी चुनावों में मतदाता सूची त्रुटि-रहित और अधिक सटीक हो सके। ड्राफ्ट सूची का प्रकाशन निर्वाचन प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण है, जिससे यह सुनिश्चित किया जाता है कि सभी योग्य नागरिक मतदाता सूची में शामिल हों और उनकी जानकारी अद्यतन एवं वास्तविक हो।