एमपी में ठंड और कोहरे का डबल अटैक जनजीवन प्रभावित भोपाल(ईन्यूज एमपी)-कश्मीर के गुलमर्ग और सोनमर्ग में हो रही बर्फबारी का असर अब मध्यप्रदेश के मौसम पर साफ दिखाई देने लगा है। प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में ठंड के साथ घना कोहरा छाया हुआ है। कई जिलों में विजिबिलिटी 50 मीटर तक सिमट गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सोमवार को दतिया और रीवा सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर, जबलपुर और शहडोल संभाग के 22 जिलों में घना कोहरा दर्ज किया गया। ग्वालियर, मुरैना, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना, रीवा और सीधी में कोहरे के साथ शीतलहर का असर भी बना रहा। सीधी में मंगलवार सुबह घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त नजर आया। दतिया और रीवा में विजिबिलिटी बेहद कम रहने से सड़क यातायात के साथ-साथ रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ। वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। **आज कैसा रहा मौसम** मंगलवार को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में घना कोहरा छाया रहा। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सीहोर, रायसेन, विदिशा, शाजापुर और आगर-मालवा सहित कई शहरों में मध्यम कोहरा देखने को मिला। **अगले दो दिन का पूर्वानुमान** मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 दिसंबर को अधिकांश स्थानों पर मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि कुछ इलाकों में सुबह के समय कोहरा रह सकता है। इस दौरान ठंड का असर और बढ़ने के आसार हैं। **तापमान में गिरावट जारी** रविवार-सोमवार की रात कई शहरों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। भोपाल और इंदौर में 8.8 डिग्री, ग्वालियर में 11.3 डिग्री, उज्जैन में 11.4 डिग्री और जबलपुर में 9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। प्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया। रीवा में 5.6 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 5.9 डिग्री, राजगढ़ और खजुराहो में 7 डिग्री, सतना के चित्रकूट में 7 डिग्री, मलाजखंड में 7.4 डिग्री, बैतूल में 7.5 डिग्री, नौगांव में 7.6 डिग्री, खंडवा और सतना में 8 डिग्री, मंडला में 8.2 डिग्री, नरसिंहपुर, खरगोन और उमरिया में 8.4 डिग्री, दमोह में 8.5 डिग्री, रायसेन में 8.8 डिग्री, सागर में 8.9 डिग्री, शिवपुरी में 9 डिग्री और दतिया में 9.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कोहरे और शीतलहर को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।