न्यायिक कार्यप्रणाली, सुधार और मानवीय मूल्यों पर दिया विशेष जोर सीधी(ईन्यूज एमपी)-उच्च न्यायालय मध्यप्रदेश, जबलपुर के पोर्टफोलियो न्यायाधिपति न्यायमूर्ति श्री विवेक कुमार सिंह ने जिले के प्रवास के दौरान जिला न्यायालय सीधी एवं जिला जेल सीधी का भ्रमण व निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सुधारात्मक कार्यों, संवेदनशील दृष्टिकोण और मानवीय मूल्यों पर विशेष बल दिया। जिला न्यायालय सीधी के निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री प्रयाग लाल दिनकर ने न्यायमूर्ति को न्यायालय की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण की स्थिति से अवगत कराया। साथ ही न्यायालय में किए जा रहे सुधारात्मक प्रयासों की जानकारी भी दी गई। प्रोटोकॉल कमेटी के वरिष्ठ सदस्य श्री रविन्द्र कुमार शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने न्यायालय परिसर की विभिन्न सुविधाओं और संरचनात्मक व्यवस्थाओं का अवलोकन कराया। इस अवसर पर न्यायमूर्ति श्री सिंह ने न्यायालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। इसके पश्चात न्यायमूर्ति श्री विवेक कुमार सिंह ने जिला जेल सीधी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों के आवास, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने जेल प्रशासन को स्वच्छता व स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने तथा बंदियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग और अन्य सुधारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपने उद्बोधन में न्यायमूर्ति श्री सिंह ने कहा कि जीवन में प्रत्येक व्यक्ति की एक भूमिका होती है। परिस्थितियां कभी-कभी व्यक्ति को कठिन राहों पर ले जाती हैं, लेकिन हर स्थिति आत्मचिंतन और आत्मसुधार का अवसर भी देती है। उन्होंने बंदियों से अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने और समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रयास करने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री प्रयाग लाल दिनकर ने कहा कि उनके कार्यकाल में पहली बार उन्हें माननीय न्यायाधिपति के साथ जिला जेल निरीक्षण का अवसर मिला, जो अत्यंत प्रेरणादायक रहा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी, पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी, कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश श्री दीपक शर्मा सहित जिले व तहसीलों के समस्त न्यायिक अधिकारी, जिला विधिक सहायता अधिकारी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल तथा जिला जेल का स्टाफ उपस्थित रहा।