enewsmp.com
Home सीधी दर्पण समय-सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाइन, धान उपार्जन व फॉर्मर रजिस्ट्री की समीक्षा

समय-सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाइन, धान उपार्जन व फॉर्मर रजिस्ट्री की समीक्षा

गुणवत्तापूर्ण निराकरण से ही मिलेगा ए ग्रेड – अपर कलेक्टर

सीधी(ईन्यूज एमपी)-कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक में अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय ने सीएम हेल्पलाइन, धान उपार्जन एवं फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न होकर गुणवत्तापूर्ण, वास्तविक और स्थायी हो।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए अपर कलेक्टर ने बताया कि गत माह सभी प्रयासों के बावजूद सीधी जिला 79.23 स्कोर के साथ बी ग्रेड में रहा, जबकि ए ग्रेड से बहुत कम अंतर रह गया। उन्होंने इसे आत्ममंथन का विषय बताते हुए कहा कि थोड़ी और गंभीरता व गुणवत्ता से जिले को ए ग्रेड मिल सकता था। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन केवल शिकायत निवारण का माध्यम नहीं, बल्कि शासन की योजनाओं और सेवाओं की जमीनी स्थिति का आईना है।

अपर कलेक्टर ने बिना स्थल निरीक्षण, अधूरी जानकारी अथवा आवेदक से संवाद किए बिना किए गए निराकरणों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि निराकरण से पूर्व संबंधित अधिकारी आवेदक से संपर्क कर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित करें और फीडबैक को गंभीरता से लें। लंबित, असंतोषजनक और बार-बार रीओपन होने वाले प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही प्रत्येक विभाग में नोडल अधिकारी सक्रिय रखने, प्रतिदिन मॉनिटरिंग और साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित करने पर जोर दिया गया। आगामी माह में ए ग्रेड प्राप्त करने को लक्ष्य बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में धान उपार्जन की भी गहन समीक्षा की गई। अपर कलेक्टर ने ठंड के मौसम को देखते हुए सभी खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए अलाव, बैठने की व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बारिश की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए धान के सुरक्षित भंडारण और शीघ्र परिवहन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान उपार्जन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

फॉर्मर रजिस्ट्री की समीक्षा के दौरान अपर कलेक्टर ने तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को पटवारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा कर फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य प्राथमिकता से समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

बैठक में एसडीएम सिहावल प्रिया पाठक, डिप्टी कलेक्टर प्रियल यादव सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अपर कलेक्टर ने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर जिले की प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए।

Share:

Leave a Comment