जुन्नारदेव(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव में प्रसूति का एक दुर्लभ और सुखद मामला सामने आया है। यहां एक आदिवासी महिला ने सरकारी अस्पताल में सामान्य प्रसव के दौरान एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। नवजातों में एक बेटा और तीन बेटियां शामिल हैं। जच्चा और चारों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार जुन्नारदेव सिविल अस्पताल में बरेलीपार निवासी 28 वर्षीय प्रसूता कुन्नू इवनाती को प्रसव पीड़ा के बाद भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की देखरेख में महिला की नॉर्मल डिलीवरी कराई गई, जिसके बाद एक साथ चार नवजातों के जन्म से अस्पताल में खुशी का माहौल बन गया। एक साथ चार बच्चों की किलकारियां सुनकर परिवार के लोगों के साथ-साथ अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों और स्टाफ ने भी प्रसन्नता जाहिर की। डॉक्टरों के अनुसार यह मामला काफी दुर्लभ है, खासकर सरकारी अस्पताल में सामान्य प्रसव के दौरान चार बच्चों का जन्म होना अपने आप में खास है। प्रसव के बाद बेहतर देखभाल को ध्यान में रखते हुए जच्चा और चारों नवजातों को छिंदवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया है। तीन 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी को सुरक्षित जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल चारों बच्चों को जिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में भर्ती करने की प्रक्रिया चल रही है, जहां उन्हें विशेष चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा। चिकित्सकों का कहना है कि वर्तमान में सभी नवजात पूरी तरह स्वस्थ हैं और किसी भी प्रकार का खतरा नहीं है। यह सफल प्रसव जुन्नारदेव सिविल अस्पताल की चिकित्सकीय टीम की तत्परता और दक्षता को भी दर्शाता है।