भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में कड़ाके की सर्दी के साथ घने कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। प्रदेश का पूरा उत्तरी हिस्सा कोहरे की चपेट में है। ग्वालियर–चंबल संभाग सहित आधे से अधिक जिलों में रविवार रात और सोमवार सुबह घना एवं मध्यम कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन और यातायात प्रभावित हुआ। प्रदेश में सबसे कम तापमान शहडोल जिले के कल्याणपुर में दर्ज किया गया। रविवार रात यहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम रहा। ठंड के साथ चल रही सर्द हवाओं ने लोगों की ठिठुरन बढ़ा दी है। सोमवार सुबह भी प्रदेश के 16 से अधिक जिलों में कोहरे का असर देखने को मिला। कई स्थानों पर दृश्यता बेहद कम रही। कुछ इलाकों में विजिबिलिटी 200 मीटर से भी नीचे चली गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली से आने-जाने वाली कई ट्रेनों पर कोहरे का असर देखा गया, वहीं हाईवे पर वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ गया है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत से ठंडी हवाएं मध्यप्रदेश की ओर आ रही हैं। इन्हीं सर्द हवाओं के कारण प्रदेश में ठंड और बढ़ गई है तथा तापमान में गिरावट का दौर जारी है। रविवार और सोमवार सुबह ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, कटनी, जबलपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर और दमोह जिलों में कोहरे का असर देखा गया। इन क्षेत्रों में सुबह के समय सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में सुबह और रात के समय ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है। नागरिकों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।