enewsmp.com
Home सीधी दर्पण विश्व ध्यान दिवस पर पुलिस लाइन सीधी में हार्टफुलनेस ध्यान शिविर आयोजित

विश्व ध्यान दिवस पर पुलिस लाइन सीधी में हार्टफुलनेस ध्यान शिविर आयोजित

सीधी(ईन्यूज एमपी)-विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस लाइन सीधी में रविवार को ‘हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना के निर्देशन, पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा जोन के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना को कान्हा शांतिवनम संस्था, हैदराबाद द्वारा ‘चेंजमेकर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान समाज में सकारात्मक परिवर्तन और प्रभावी नेतृत्व के लिए प्रदान किया जाता है। डीजीपी के इसी दृष्टिकोण के तहत प्रदेशभर में पुलिस बल को मानसिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से ध्यान कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री का विशेष उद्बोधन भी प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने पुलिस बल को मानसिक रूप से स्वस्थ एवं संतुलित रहने के लिए ध्यान को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

हर रविवार होगा ध्यान कार्यक्रम
पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने घोषणा की कि पुलिस कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण के लिए जिले में प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से ‘हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम’ आयोजित किया जाएगा।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ा पूरा जिला
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के समस्त थाना एवं चौकी स्टाफ सहित प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय कार्यक्रम से जुड़े। हार्टफुलनेस संस्था के श्री एस.के. गुप्ता ने ध्यान की सरल विधि बताते हुए इसके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हृदय पर केंद्रित ध्यान से तनाव में कमी आती है, निर्णय क्षमता बेहतर होती है और कार्यस्थल पर व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन होता है।

पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने कहा कि डीजीपी को मिला सम्मान पूरे पुलिस बल के लिए गर्व की बात है। उनके मार्गदर्शन में शुरू हुआ यह ध्यान अभियान सीधी पुलिस की दिनचर्या का हिस्सा बनेगा, जिससे जवान मानसिक रूप से अधिक सशक्त और ऊर्जावान बनेंगे।

कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक श्री अमन मिश्रा सहित पुलिस लाइन एवं कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी रक्षित निरीक्षक उप निरीक्षक तरण बेड़िया द्वारा किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Share:

Leave a Comment