enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश भोपाल में पहली बार मेट्रो का कमर्शियल रन शुरू, देश का 26वां मेट्रो शहर बना भोपाल

भोपाल में पहली बार मेट्रो का कमर्शियल रन शुरू, देश का 26वां मेट्रो शहर बना भोपाल

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-राजधानी भोपाल में रविवार सुबह पहली बार मेट्रो का कमर्शियल रन शुरू हुआ। सुबह ठीक 9 बजे एम्स स्टेशन से मेट्रो रवाना हुई, जो करीब 30 मिनट में सुभाष नगर स्टेशन पहुंची। पहले सफर में लगभग 100 यात्रियों ने मेट्रो में यात्रा की। इनमें 7 साल के बच्चे से लेकर 75 साल तक के बुजुर्ग यात्री शामिल रहे।

मेट्रो जैसे ही अलकापुरी, डीआरएम, आरकेएमपी और एमपी नगर स्टेशनों से आगे बढ़ी, यात्रियों को आधुनिक अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए सूचना दी गई—
“अगला स्टेशन बोर्ड ऑफिस है, दरवाजे बाईं ओर खुलेंगे… कृपया दरवाजों से हटकर खड़े हों।”
इस नई सुविधा ने यात्रियों को मेट्रो का आधुनिक और सुरक्षित अनुभव दिया।

भोपाल में मेट्रो के कमर्शियल रन के साथ ही यह शहर देश का 26वां मेट्रो शहर बन गया। इससे पहले मध्यप्रदेश के इंदौर में 31 मई को मेट्रो का कमर्शियल संचालन शुरू हुआ था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भोपाल से वर्चुअली इंदौर मेट्रो को हरी झंडी दिखाई थी।

गौरतलब है कि भोपाल मेट्रो का औपचारिक उद्घाटन शनिवार को किया गया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर ने मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया था। उद्घाटन के बाद रविवार, 21 दिसंबर से मेट्रो का नियमित कमर्शियल संचालन शुरू हुआ।

भोपाल मेट्रो के शुरू होने से राजधानीवासियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी, जिससे ट्रैफिक दबाव कम होने और यात्रा सुगम होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share:

Leave a Comment