भोपाल(ईन्यूज एमपी)-पुलिस की कार्यशैली में संवेदनशीलता और मानसिक शांति को शामिल करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस एक नया प्रयोग करने जा रही है। 21 दिसंबर को विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर प्रदेशभर की पुलिस एक साथ सामूहिक ध्यान करेगी। इस दौरान राज्य के सभी थानों, बटालियनों और पुलिस कार्यालयों में रात 8 बजे से 8.30 बजे तक करीब 50 हजार से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान ऑनलाइन माध्यम से ध्यान में सहभागी बनेंगे। पुलिस विभाग का मानना है कि लगातार फील्ड ड्यूटी का दबाव, तनावपूर्ण कार्यशैली और परिवार से दूरी के कारण कई पुलिसकर्मी मानसिक तनाव और बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं। ऐसे में यह सामूहिक ध्यान कार्यक्रम उन्हें मानसिक सुकून देने और तनाव से मुक्ति दिलाने का एक प्रभावी माध्यम बनेगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यह 20 मिनट का सामूहिक मौन केवल विश्व शांति की कामना नहीं है, बल्कि पुलिसकर्मियों के भीतर चल रही मानसिक उथल-पुथल को शांत करने का भी सशक्त प्रयास है। इससे न केवल पुलिस बल का मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होगा, बल्कि आमजन के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि को भी मजबूती मिलेगी। हर थाने में बनेगा ध्यान कक्ष विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर प्रदेश के प्रत्येक थाने में पुलिसकर्मियों के लिए एक विशेष ‘ध्यान कक्ष’ तैयार किया जाएगा। इन कक्षों का उद्देश्य ड्यूटी के तनाव भरे माहौल के बीच पुलिसकर्मियों को कुछ पल शांति और आत्मिक संतुलन प्रदान करना है। मध्यप्रदेश पुलिस का यह प्रयास पुलिस बल की खुशहाली और बेहतर कार्यसंस्कृति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है।