भोपाल(ईन्यूज एमपी)-करीब सात साल बाद राजधानी भोपाल आज मेट्रो सिटी के रूप में अपनी पहचान दर्ज करेगा। बुधवार शाम को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हरी झंडी दिखाकर भोपाल मेट्रो का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के बाद दोनों नेता सुभाष नगर से एम्स तक 6.22 किलोमीटर लंबे मेट्रो रूट पर सफर भी करेंगे। भोपाल मेट्रो का उद्घाटन समारोह कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप, मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रिकॉर्डेड वीडियो संदेश भी प्रसारित किया जाएगा। स्टेशनों पर अंतिम तैयारियां, फूलों से सजे परिसर उद्घाटन से पहले सुभाष नगर से एम्स तक के सभी 8 मेट्रो स्टेशनों पर अंतिम तैयारियां की जा रही हैं। स्टेशनों को फूलों से सजाया जा रहा है और दिन-रात काम जारी है, ताकि उद्घाटन समारोह के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस रूट पर सुभाष नगर, केंद्रीय स्कूल, डीबी मॉल, एमपी नगर, रानी कमलापति, डीआरएम ऑफिस, अलकापुरी और एम्स—कुल 8 स्टेशन हैं। हरी झंडी के बाद जब जनप्रतिनिधि मेट्रो में सवार होंगे, तब मेट्रो प्रत्येक स्टेशन पर रुकेगी। बाहरी कार्य तीन माह तक चलेंगे मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, स्टेशनों के बाहर स्लोप, सड़क निर्माण और अन्य छोटे-बड़े कार्य अभी शेष हैं। ये कार्य अगले तीन महीने तक चलते रहेंगे, हालांकि इससे मेट्रो के संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। 21 दिसंबर से आम यात्रियों को मिलेगी सुविधा 21 दिसंबर से भोपाल मेट्रो आम लोगों के लिए शुरू होगी। सुबह 9 बजे एम्स स्टेशन से पहला सफर शुरू किया जाएगा। दिनभर दोनों दिशाओं में कुल 17 ट्रिप चलेंगी, जिनमें एम्स से सुभाष नगर के बीच 9 और सुभाष नगर से एम्स के बीच 8 ट्रिप शामिल रहेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक इंतजाम सभी मेट्रो स्टेशनों पर एस्केलेटर, लिफ्ट और रैम्प की व्यवस्था की गई है। सुभाष नगर, डीबी मॉल और एमपी नगर स्टेशनों पर फुटओवर ब्रिज बनाए गए हैं। रानी कमलापति मेट्रो स्टेशन को फुटओवर ब्रिज के माध्यम से रेलवे स्टेशन से जोड़ा गया है। इसी तरह एम्स स्टेशन पर भी फुटओवर ब्रिज से यात्री सीधे एम्स परिसर में प्रवेश कर सकेंगे। किराया तीन जोन में तय, मुफ्त यात्रा नहीं भोपाल मेट्रो में टिकट मैनुअल काउंटर से ही उपलब्ध कराए जाएंगे। किराया तीन जोन में तय किया गया है। पहले दो स्टेशन तक 20 रुपये, 3 से 5 स्टेशन तक 30 रुपये और 6 से 8 स्टेशन तक यात्रा करने पर 40 रुपये किराया देना होगा। इंदौर मेट्रो में प्रारंभिक दिनों में मुफ्त और रियायती यात्रा की सुविधा दी गई थी, लेकिन भोपाल मेट्रो में इस तरह की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। भोपाल मेट्रो के संचालन से राजधानीवासियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है, जिससे शहर में यातायात का दबाव भी कम होगा।