enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश प्रदेश में जारी है ठंड का असर,20 जिलों में छाया घना कोहरा

प्रदेश में जारी है ठंड का असर,20 जिलों में छाया घना कोहरा

भोपाल (ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश के उत्तरी हिस्सों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। ग्वालियर-चंबल, रीवा, सागर संभाग के साथ जबलपुर-शहडोल और रीवा संभाग के करीब 20 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। कई स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने इसको देखते हुए सतर्कता बरतने की गाइडलाइन जारी की है।

शनिवार सुबह से ही सीधी जिले में भी घना कोहरा छाया रहा। सड़कों पर दृश्यता कम होने के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी रही और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही ठंड भी कड़ाके की बनी हुई है, जिससे आमजन सुबह और देर रात घरों से बाहर निकलने में सावधानी बरत रहे हैं।

घने कोहरे का असर रेल और हवाई यातायात पर भी देखने को मिल रहा है। दिल्ली से भोपाल और इंदौर आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। शताब्दी, मालवा, झेलम, कर्नाटक, सचखंड, छत्तीसगढ़, कोल्हापुर-मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस और पंजाब मेल जैसी ट्रेनें 30 मिनट से लेकर 8 घंटे तक लेट बताई जा रही हैं। यह स्थिति पिछले तीन दिनों से बनी हुई है। वहीं इंदौर और भोपाल से दिल्ली, मुंबई, गोवा और बेंगलुरु जाने वाली उड़ानों पर भी कोहरे का असर पड़ रहा है।

मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि देर रात और सुबह के समय कोहरे का प्रभाव सबसे अधिक रहता है। उन्होंने सुरक्षित यात्रा के लिए वाहनों की गति नियंत्रित रखने, फॉग लाइट का उपयोग करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी सुबह और रात के समय कोहरे और ठंड का असर बना रह सकता है। ऐसे में लोगों से सतर्कता बरतने और मौसम से जुड़ी सलाहों का पालन करने की अपील की गई है।

Share:

Leave a Comment