enewsmp.com
Home सीधी दर्पण संदिग्ध परिस्थितियों में मिला थाना प्रभारी का शव

संदिग्ध परिस्थितियों में मिला थाना प्रभारी का शव

खरगोन(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश के धार जिले में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब शहर के मोहन टॉकीज क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में थाना प्रभारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान खरगोन जिले में पदस्थ थाना प्रभारी करण सिंह रावत के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी करण सिंह रावत धार में आयोजित उर्स मेले की ड्यूटी के सिलसिले में आए हुए थे और शहर के शिवानी होटल में ठहरे थे। शुक्रवार दोपहर तक जब वे कमरे से बाहर नहीं निकले, तो होटल स्टाफ को संदेह हुआ। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोला तो रावत कमरे के अंदर मृत अवस्था में पाए गए।

बताया जा रहा है कि होटल के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। प्रारंभिक तौर पर किसी तरह के संघर्ष के स्पष्ट निशान सामने नहीं आए हैं, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी होटल पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और होटल स्टाफ तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

मृतक थाना प्रभारी के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। अचानक हुई इस घटना से पुलिस विभाग में शोक और चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

Share:

Leave a Comment