भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश के आईएएस अफसरों का जमावड़ा शुक्रवार से राजधानी भोपाल में देखने को मिलेगा। 19 दिसंबर से शुरू हो रही तीन दिवसीय IAS सर्विस मीट में सहायक कलेक्टर से लेकर मुख्य सचिव, पूर्व आईएएस अधिकारी और उनके परिजन शामिल होंगे। प्रशासनिक जिम्मेदारियों से इतर यह आयोजन अधिकारियों को अपनी कला, प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का मंच देगा। सर्विस मीट का शुभारंभ आज प्रशासन अकादमी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्बोधन से होगा। इसके बाद विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन अरेरा क्लब में किया जाएगा, जहां दिन भर और देर रात तक गतिविधियों का सिलसिला चलेगा। तीन दिन तक चलने वाली सर्विस मीट के लिए चार हाउस बनाए गए हैं— रेड हाउस, ग्रीन हाउस, ब्लू हाउस और यलो हाउस। प्रत्येक हाउस के कैप्टन और वाइस कैप्टन तय कर दिए गए हैं। मीट के अंतिम दिन मोस्ट क्रियेटिव, बेस्ट प्रेजेंटेशन, बेस्ट एंटरटेनमेंट वैल्यू और बेस्ट कोऑर्डिनेशन जैसी चार श्रेणियों में अवार्ड प्रदान किए जाएंगे। साथ ही 18 वर्ष तक की आयु के आईएएस अफसरों के बच्चों को बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट और बेस्ट सीनियर आर्टिस्ट के पुरस्कार भी दिए जाएंगे। आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने बताया कि फील्ड में पदस्थ अधिकारियों की भागीदारी बढ़ाने और आपसी समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से आसपास के संभागों के अफसरों को एक समूह में रखा गया है। विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बनेगा। आयोजन समिति के चेयरपर्सन एवं प्रमुख सचिव पी. नरहरि ने कहा कि वर्ष 2010 से लगातार आयोजित हो रही यह सर्विस मीट हर साल यादगार बनती जा रही है। इससे अफसरों के बीच पारिवारिक भावना, सहयोग और आपसी संबंध और मजबूत होते हैं। आज कार्यक्रम की शुरुआत प्रशासन अकादमी में उद्घाटन, फोटो सेशन और पैनल डिस्कशन से होगी। इसके बाद अरेरा क्लब में रिले रेस, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम, पूल, बिलियर्ड्स सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम और ट्रेजर हंट आयोजित किए जाएंगे। 20 और 21 दिसंबर को बोट रेस, फुटबॉल, क्रिकेट, कुकिंग प्रतियोगिता, पतंगबाजी, क्विज, फन गेम्स, डीजे नाइट और समापन समारोह के साथ पुरस्कार वितरण किया जाएगा।