enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश लोकायुक्त की बड़ी कार्यवाही,रिश्वत लेते नायब तहसीलदार ट्रैप

लोकायुक्त की बड़ी कार्यवाही,रिश्वत लेते नायब तहसीलदार ट्रैप

सतना(ईन्यूज एमपी)- महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पर तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त संभाग रीवा द्वारा गुरुवार को एक और सफल ट्रैप कार्रवाई की गई। इस दौरान नामांतरण एवं बंटवारा आदेश के एवज में रिश्वत लेते हुए नायब तहसीलदार को रंगे हाथों पकड़ा गया।

लोकायुक्त से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता आशुतोष सिंह (43), निवासी ग्राम पोस्ट खैरा, तहसील हुजूर, जिला रीवा ने 15 दिसंबर 2025 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता के नाम दर्ज पुस्तैनी भूमि के बंटवारा एवं नामांतरण आदेश के लिए नायब तहसीलदार वृत्त मौहरी कटरा, तहसील रामपुर बाघेलान, जिला सतना में पदस्थ वीरेंद्र सिंह जायसूर द्वारा 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत पर लोकायुक्त संभाग रीवा के प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण सिंह परिहार के निर्देशन में सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये प्राप्त करना तथा रिश्वत की मांग करना प्रमाणित पाया गया। इसके बाद 18 दिसंबर 2025 को लोकायुक्त टीम गठित कर तहसीलदार कार्यालय, तहसील रामपुर बाघेलान, जिला सतना में ट्रैप कार्रवाई की गई, जहां नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह जायसूर को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

इस प्रकरण में आरोपी नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह जायसूर के साथ ग्राम बेला, तहसील रामपुर बाघेलान के चौकीदार प्रेमलाल द्विवेदी (पंडा) की भूमिका भी सामने आई है। दोनों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक श्री संदीप सिंह भदौरिया ने किया। ट्रैप दल में निरीक्षक श्री एस. राम मरावी, प्रधान आरक्षक मुकेश मिश्रा, सुरेश कुमार, शिवलाल प्रजापति, आरक्षक लवलेश पांडे, राजमणि जायसवाल एवं मनोज सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। लोकायुक्त टीम द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।

लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी भी कार्य के एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो लोकायुक्त रीवा के मोबाइल नंबर **98936 07619** पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।

Share:

Leave a Comment