सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा सघन अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशन तथा जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज, राजस्व एवं पुलिस अमले द्वारा संयुक्त कार्रवाई की जा रही है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक अवैध उत्खनन के 11, अवैध परिवहन के 95 तथा अवैध भंडारण के 5 प्रकरण, कुल 112 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन कार्रवाइयों के माध्यम से लगभग 63.24 लाख रुपये की राशि राज्य शासन के कोष में जमा कराई गई है। बरसात उपरांत सितंबर माह से रेलवे निर्माण कार्यों में अवैध खनिज मिट्टी और मुरम के उत्खनन संबंधी शिकायतें प्राप्त होने पर विशेष निगरानी की गई। खनिज, राजस्व एवं पुलिस अमले द्वारा सघन अभियान चलाते हुए रेलवे कार्यों से जुड़े ठेकेदारों एवं भूमिस्वामियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान रेलवे निर्माण से संबंधित खनिज मिट्टी और मुरम के 3 अवैध उत्खनन प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई। रेलवे अधिकारियों एवं ठेकेदारों को प्रचलित खनिज नियमों के अनुरूप वैधानिक अनुमति प्राप्त करने एवं अग्रिम रॉयल्टी जमा करने के संबंध में 8 एवं 10 दिसंबर 2025 को कलेक्टर सभागार, सीधी में बैठक आयोजित कर निर्देश दिए गए। इसके बावजूद बिना अनुमति एवं अग्रिम रॉयल्टी जमा किए कार्य कराने वाले ठेकेदारों पर कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है, वहीं रेलवे विभाग को भी ऐसे कार्यों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि राज्य शासन की रॉयल्टी की किसी भी प्रकार की अपवंचना स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्माण कार्यों के दौरान नियमों के विपरीत अनुमति दिए जाने के मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध भी कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। कलेक्टर ने जिले के विभिन्न स्थानों से अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।