enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश पटवारी 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों ट्रैप

पटवारी 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों ट्रैप

रीवा(ईन्यूज एमपी)- महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पर तथा उप पुलिस महानिरीक्षक श्री मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त संभाग रीवा द्वारा गुरुवार को सफल ट्रैप कार्रवाई की गई।

लोकायुक्त से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता विपिन सोंधिया (29), निवासी ग्राम मानिकवार, तहसील रायपुर कर्चुलियान, जिला रीवा ने 17 दिसंबर 2025 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में आवेदन प्रस्तुत किया था। शिकायत में बताया गया कि अपनी भूमि के नामांतरण के लिए पटवारी हल्का देवरा फरेंदा, तहसील रायपुर कर्चुलियान में पदस्थ पटवारी अच्छेलाल साकेत द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत पर प्रभारी पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त रीवा श्री प्रवीण सिंह परिहार के निर्देशन में सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी पटवारी द्वारा शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये लेना तथा रिश्वत की मांग करना प्रमाणित पाया गया। इसके बाद 18 दिसंबर 2025 को लोकायुक्त टीम का गठन कर सी.एफ.टी. भवन के सामने मानिकवार में कार्रवाई की गई, जहां आरोपी पटवारी अच्छेलाल साकेत (60) को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया गया।

आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई लोकायुक्त टीम द्वारा की जा रही है।

ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक श्री उपेंद्र दुबे (लोकायुक्त कार्यालय रीवा) ने किया। ट्रैप दल में उप पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण सिंह परिहार सहित स्वतंत्र शासकीय गवाहों के साथ 12 सदस्यीय टीम शामिल रही।

लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो लोकायुक्त रीवा के मोबाइल नंबर **98936 07619** पर संपर्क कर सूचना दें।

Share:

Leave a Comment