enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश एमपी में जल्द दिखेंगे गैंडे और जिराफ, अंतरराष्ट्रीय वन मेले का शुभारंभ

एमपी में जल्द दिखेंगे गैंडे और जिराफ, अंतरराष्ट्रीय वन मेले का शुभारंभ

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में वन्यजीव पर्यटन को और समृद्ध बनाने की दिशा में सरकार नए कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में प्रदेश में गैंडे और जिराफ जैसे दुर्लभ वन्य जीव भी देखने को मिल सकते हैं। यह बात उन्होंने भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित 11वें अंतरराष्ट्रीय वन मेले के शुभारंभ अवसर पर कही।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेले का विधिवत उद्घाटन करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश वन, वन्यजीव और जैव विविधता के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य है। प्रदेश में वर्तमान में टाइगर, तेंदुआ, चीता और घड़ियाल संरक्षण के सफल प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अब गैंडे और जिराफ लाने की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि नौरादेही अभयारण्य में आगामी वर्षों में चीतों को बसाने की योजना पर कार्य प्रगति पर है।

अंतरराष्ट्रीय वन मेला 17 से 23 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है। मेले में देश-प्रदेश से 350 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें वनोपज, औषधीय पौधों, आयुर्वेदिक उत्पादों, हस्तशिल्प और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेमिनार और जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वन मेला केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि वन आधारित आजीविका, आदिवासी संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का सशक्त मंच है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे वनों के संरक्षण में सहभागी बनें और प्राकृतिक संसाधनों का सतत उपयोग करें।

मेले के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और वन विभाग द्वारा किए जा रहे नवाचारों की जानकारी ली। कार्यक्रम में मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment