enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश आज रात 12 बजे थम जाएगा डिजिटाइजेशन, 23 दिसंबर को आएगी फाइनल वोटर लिस्ट

आज रात 12 बजे थम जाएगा डिजिटाइजेशन, 23 दिसंबर को आएगी फाइनल वोटर लिस्ट

भोपाल(ईन्यूज एमपी) प्रदेश में मतदाता सूची के शुद्धीकरण के लिए चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गणना पत्रक जमा करने और उनके डिजिटाइजेशन का कार्य आज गुरुवार रात 12 बजे तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद इस प्रक्रिया को बंद कर दिया जाएगा।

डिजिटाइजेशन कार्य समाप्त होने के बाद 23 दिसंबर को प्रदेशभर की मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसी के साथ मतदाताओं को नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए दावा-आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। निर्धारित अवधि में प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण संबंधित अधिकारियों द्वारा किया जाएगा।

विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत बूथ लेवल अधिकारियों ने घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया है। इस दौरान मृत, स्थानांतरित और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने के साथ-साथ नए योग्य मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

निर्वाचन आयोग का कहना है कि दावा-आपत्ति प्रक्रिया के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी, जिससे आगामी चुनावों में मतदाता सूची अधिक सटीक, पारदर्शी और भरोसेमंद हो सकेगी।

Share:

Leave a Comment