भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना के तहत प्रदेश के 55 जिलों के 7,227 श्रमिक हितग्राहियों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक से 160 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री ने बताया कि संबल योजना के शुभारंभ वर्ष 2018 से अब तक 7.76 लाख प्रकरणों में कुल 7,383 करोड़ रुपये की सहायता राशि जरूरतमंद हितग्राहियों को प्रदान की जा चुकी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संबल योजना केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं है, बल्कि सरकार और श्रमिकों के बीच आपसी विश्वास का मजबूत आधार है। राज्य सरकार गरीब, श्रमिक, निराश्रित और जरूरतमंद नागरिकों को स्नेह, अपनत्व, स्वावलंबन और आर्थिक सुरक्षा का संबल देती रहेगी। प्रदेश की जनता के सुख-दुख में सरकार सदैव साथ खड़ी है। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल अमरकंटक से वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्व वर्षों का बैकलॉग समाप्त कर दिया है और अब श्रम विभाग इस स्थिति में है कि किसी भी संबल प्रकरण में 60 दिनों के भीतर हितग्राही को भुगतान किया जा सकता है। उन्होंने इसे बीते दो वर्षों की बड़ी उपलब्धि बताया। संबल 2.0 योजना के अंतर्गत इस अवसर पर विभिन्न मदों में सहायता प्रदान की गई। सामान्य मृत्यु के 6,390 प्रकरणों में प्रति प्रकरण 2 लाख रुपये, दुर्घटना मृत्यु के 790 प्रकरणों में प्रति प्रकरण 4 लाख रुपये, आंशिक स्थायी अपंगता के 34 प्रकरणों में प्रति प्रकरण 1 लाख रुपये तथा स्थायी अपंगता के 13 प्रकरणों में प्रति प्रकरण 2 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई। कुल 7,227 हितग्राहियों को इस चरण में लाभान्वित किया गया।