सीधी(ईन्यूज एमपी)-शासन के निर्देशानुसार नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की कुल 112 समस्याएँ गंभीरतापूर्वक सुनीं। कलेक्टर सोमवंशी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों पर तत्काल, प्रभावी एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है, इसलिए प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा में निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी, उदासीनता अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि नागरिकों को वास्तविक राहत प्रदान करना है। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि आमजन को शासन की योजनाओं, सुविधाओं एवं अधिकारों का लाभ बिना किसी भटकाव के प्राप्त हो। उन्होंने जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा करने के भी निर्देश दिए, जिससे निराकरण प्रक्रिया सतत एवं प्रभावी बनी रहे। जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर प्रियल सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनंजय मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई से जुड़े रहे।