भोपाल(ईन्यूज एमपी)- प्रदेश के सभी टाइगर रिजर्व कोर एरिया में अब मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित कर दिया गया है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। जारी निर्देशों में बताया गया है कि सफारी के दौरान मोबाइल फोन के उपयोग से वन्यजीवों की प्राकृतिक गतिविधियों में बाधा उत्पन्न हो रही थी। मोबाइल से फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और रिकॉर्डिंग के कारण न केवल जानवरों के व्यवहार पर असर पड़ रहा था, बल्कि उनकी सुरक्षा को भी खतरा बना हुआ था। वन विभाग के अनुसार, मोबाइल फोन की रिंगटोन, फ्लैश लाइट और वीडियो रिकॉर्डिंग से टाइगर समेत अन्य वन्यजीवों में तनाव की स्थिति देखी जा रही थी। इसके अलावा पर्यटकों द्वारा नियमों का उल्लंघन कर लाइव वीडियो और फोटो साझा किए जाने से संवेदनशील वन क्षेत्र की जानकारी सार्वजनिक हो रही थी। आदेश के तहत अब कान्हा, पन्ना, पेंच, सतपुड़ा, बांधवगढ़, संजय दुबरी सहित प्रदेश के सभी टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में मोबाइल फोन ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सफारी के दौरान केवल कैमरे के माध्यम से फोटोग्राफी की अनुमति होगी। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी टाइगर रिजर्व में इस आदेश के पालन को लेकर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। वन विभाग का मानना है कि इस निर्णय से वन्यजीवों के संरक्षण, उनकी सुरक्षा और प्राकृतिक वातावरण को बनाए रखने में मदद मिलेगी।