enewsmp.com
Home सीधी दर्पण भाजपा ने लवकेश सिंह को बनाया प्रत्याशी, हजारों समर्थकों संग दाखिल किया नामांकन

भाजपा ने लवकेश सिंह को बनाया प्रत्याशी, हजारों समर्थकों संग दाखिल किया नामांकन

सीधी (ईन्यूज एमपी)-मझौली नगर परिषद अध्यक्ष पद चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारी तेज कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल की सहमति से भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने निवर्तमान अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता लवकेश सिंह को मझौली नगर परिषद के लिए पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है।

प्रत्याशी घोषित होने के बाद भाजपा प्रत्याशी लवकेश सिंह ने जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान के नेतृत्व एवं धौंहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम की विशिष्ट उपस्थिति में हजारों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ गाजे-बाजे के बीच नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान नगर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता समर्पण भाव से संगठन और जनता की सेवा करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाते हुए भाजपा प्रत्याशी लवकेश सिंह की विजय सुनिश्चित करने के लिए पूरी शक्ति से जुटेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि लवकेश सिंह प्रचंड मतों से विजयी होकर मझौली नगर परिषद में भाजपा को और अधिक मजबूत करेंगे।

धौंहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि मझौली नगर परिषद का विकास भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में हुआ है। नगर के विकास की हर ईंट में भाजपा का योगदान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की जनहितकारी योजनाओं के दम पर भाजपा इस चुनाव में ऐतिहासिक और रिकॉर्ड जीत दर्ज करेगी। विधायक श्री टेकाम ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर जनता का आशीर्वाद प्राप्त करें और प्रत्याशी की जीत के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें।

वहीं भाजपा प्रत्याशी लवकेश सिंह ने पार्टी नेतृत्व और जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मझौली के विकास को नई गति देना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं के सहयोग से भाजपा की जीत निश्चित है।

नामांकन कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य इंद्रशरण सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष केके तिवारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अभ्युदय सिंह, सीधी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र सिंह मुन्नू, जिला उपाध्यक्ष शिवदान साकेत, अखिलेश पाण्डे, जिला महामंत्री अनिल पाण्डेय, चंद्रपाल सिंह, लोरिक यादव, मंडल अध्यक्ष प्रवीण तिवारी, पवन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगरवासी उपस्थित रहे।


Share:

Leave a Comment