भिंड(ईन्यूज एमपी)- जिले के लहार क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन रोकने के प्रयास के दौरान गंभीर घटना हुई है। सोमवार की सुबह मिहोना बायपास पर रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्राली को रोकने के प्रयास में उप पदाधिकारी (SDM) विजय सिंह यादव की सरकारी गाड़ी को ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी। घटना में SDM और उनके चालक को चोट नहीं आई, लेकिन सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार SDM विजय सिंह यादव लहार से भिंड टीएल बैठक में भाग लेने के लिए आ रहे थे। मिहोना बायपास पर रेत से भरे कुछ ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां गुजर रही थीं। जब SDM ने आरोपित वाहनों को रोकने की कोशिश की, तो एक ट्रैक्टर चालक ने जानबूझकर अपनी गाड़ी SDM की कार से टकरा दी। टक्कर में कार के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना पर मिहोना थाना पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर रेत से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया और इन्हें थाने में खड़ा कराया। दोनों ट्रैक्टर-ट्राली को अवैध रेत परिवहन, ओवरलोडिंग और सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने जैसे आरोपों के साथ जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपित दोनों ड्राइवरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। SDM विजय सिंह यादव ने कहा कि अवैध रेत परिवहन कानून और आमजन की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन रेत माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखेगा।