enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश शहडोल: पार्सल गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

शहडोल: पार्सल गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

शहडोल(ईन्यूज एमपी)- जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में बाणगंगा मेला मैदान के पास स्थित एक पार्सल गोदाम में बीती रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर गोदाम में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। आग से दवाइयां, इलेक्ट्रॉनिक सामान, हार्डवेयर सामग्री, जूते और करीब सौ से अधिक कूलर नष्ट हो गए।

जानकारी के अनुसार, घटना रात लगभग चार बजे की है। उस समय गश्त पर निकली सोहागपुर पुलिस ने गोदाम से आग की लपटें उठती देखीं। इसके बाद तत्काल दमकल विभाग और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। आग तेजी से फैल चुकी थी, जिससे पूरे गोदाम में रखा सामान जलने लगा।

गोदाम मालिक शुभम दुबे ने बताया कि आग के दौरान गोदाम में खड़ी एक कार और एक लोडर वाहन भी आंशिक रूप से आग की चपेट में आ गए। हालांकि पुलिस और दमकल कर्मियों की सतर्कता से वाहनों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।

दमकल विभाग की चार बड़ी और एक छोटी फायर ब्रिगेड ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान लगभग 25 लाख रुपये मूल्य का सामान सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि करीब 30 लाख रुपये का माल जलकर नष्ट हो गया।

सोहागपुर थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Share:

Leave a Comment