enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सीधी सहित प्रदेश में कड़ाके की ठंड, भोपाल-इंदौर में शीतलहर का रिकॉर्ड

सीधी सहित प्रदेश में कड़ाके की ठंड, भोपाल-इंदौर में शीतलहर का रिकॉर्ड

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- नवंबर के बाद दिसंबर माह में भी मध्यप्रदेश में शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है। भोपाल, इंदौर और राजगढ़ जिलों में छह दिसंबर के बाद से शीतलहर चल रही है, जो पिछले पांच वर्षों में पहली बार देखने को मिली है। मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिन में शीतलहर से कुछ राहत की संभावना जताई है, हालांकि ठंड का असर फिलहाल जारी रहेगा।

सीधी जिले में पिछले दो दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से जनजीवन प्रभावित हुआ। यहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रीवा संभाग के अन्य जिलों सतना, रीवा और सिंगरौली में भी सुबह के समय कोहरे का असर देखने को मिला।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में ठंड बढ़ने की मुख्य वजह राजस्थान की ओर से लगातार सर्द और शुष्क हवाओं का चलना है। रविवार रात प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस राजगढ़ जिले में दर्ज किया गया। इंदौर में भी शीतलहर का प्रभाव रहा, जबकि प्रदेश के 21 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया।

कोहरे के कारण कई इलाकों में दृश्यता काफी कम रही। रीवा में सुबह न्यूनतम दृश्यता 50 मीटर तक पहुंच गई, जबकि सतना, सीधी, ग्वालियर और दतिया जिलों में दृश्यता 500 से 1000 मीटर के बीच दर्ज की गई। मौसम विभाग ने ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग के जिलों में सुबह के समय कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान और उसके आसपास पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी हवा में चक्रवात के रूप में सक्रिय है। 17 दिसंबर की रात से हिमालयी क्षेत्र में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों से आ रही सर्द हवाओं और राजस्थान से चल रही शुष्क ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में रात के तापमान में लगातार गिरावट बनी हुई है।

Share:

Leave a Comment