enewsmp.com
Home सीधी दर्पण प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रभारी मंत्री ने गिनाईं सरकार की दो साल की उपलब्धियां

प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रभारी मंत्री ने गिनाईं सरकार की दो साल की उपलब्धियां

सीधी (ईन्यूज एमपी)-सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने प्रदेश सरकार की दो साल की उपलब्धियों और विकास यात्रा का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास, जनकल्याण और विश्वास की मजबूत नींव पर आगे बढ़ रहा है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार का हर निर्णय आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और सशक्त नेतृत्व से विकास कार्यों को नई गति मिली है। जनकल्याण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार और जनता के बीच सेतु बनकर मीडिया जनहित के कार्यों को मजबूती देता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार “विरासत से विकास” की सोच के साथ कार्य कर रही है। रानी अवंतीबाई लोधी, रानी दुर्गावती और रानी अहिल्याबाई होलकर जैसी महान विभूतियों से प्रेरणा लेकर प्रदेश की विकास दिशा तय की जा रही है। सनातन संस्कृति से गहरे जुड़ाव के कारण पर्व और धार्मिक आयोजनों को सहभागिता के साथ मनाया जा रहा है।

जलगंगा संवर्धन अभियान को पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन बताते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि 30 मार्च से 30 जून 2025 तक चले इस अभियान में खेत-तालाब, कुएं रिचार्ज और अमृत सरोवरों का निर्माण किया गया। जल संरक्षण में खंडवा जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा। “एक पेड़ मां के नाम” और “एक बगिया मां के नाम” जैसे अभियानों से पर्यावरण के प्रति भावनात्मक जुड़ाव भी मजबूत हुआ।

आर्थिक स्थिति पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2028-29 तक प्रदेश के बजट को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। शून्य आधारित बजटिंग और त्रि-वर्षीय रोलिंग बजट व्यवस्था अपनाने की दिशा में मध्यप्रदेश अग्रणी बन रहा है। वर्ष 2025 को उद्योग वर्ष के रूप में मनाते हुए ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के जरिए रिकॉर्ड निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। 10 औद्योगिक पार्क, 4 पीएम मित्रा पार्क, 4900 से अधिक स्टार्टअप और एक्सपोर्ट प्रमोशन पॉलिसी 2025 से प्रदेश की औद्योगिक पहचान मजबूत हुई है।

कृषि, रोजगार और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। कृषि उद्योग समागमों से हजारों करोड़ रुपये का निवेश और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन हुआ। प्रदेश दलहन उत्पादन में देश में प्रथम, खाद्यान्न में द्वितीय और तिलहन में तृतीय स्थान पर है। किसानों के हित में फसल बीमा, मंडी आधुनिकीकरण और विपणन विस्तार जैसे निर्णय लिए गए हैं।

गरीबों, श्रमिकों और कमजोर वर्गों के लिए स्वामित्व योजना, संबल योजना 2.0, पेंशन, ई-स्कूटर सहायता जैसी योजनाओं से सामाजिक सुरक्षा को मजबूती मिली है। वहीं, अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए बजट में 23 प्रतिशत से अधिक वृद्धि, छात्रवृत्ति अवधि में विस्तार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ मेडिकल कॉलेजों और पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा का विस्तार किया गया है।

इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में सड़कों, पुलों, मेट्रो सेवाओं और हवाई कनेक्टिविटी से प्रदेश का विकास नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। अगले पांच वर्षों में एक लाख किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।

सीधी जिले की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रभारी मंत्री ने बताया कि बघवार से रामपुर नैकिन रेल परियोजना का सफल ट्रायल, 282 किलोमीटर सड़क निर्माण, 10 सांदीपनि विद्यालयों का संचालन और जल जीवन मिशन के तहत 1025 ग्रामों को पेयजल उपलब्ध कराना बड़ी उपलब्धियां हैं।

पत्रकार वार्ता के अंत में प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि सरकार के दो वर्ष विकास, विश्वास और जनकल्याण की मजबूत आधारशिला हैं और आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करती रहेगी। वार्ता में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिले के प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment