सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी खड्डी के बरौ गांव में एक 38 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने जैसे ही महिला को फांसी पर लटका देखा, घर में चीख-पुकार मच गई। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों के अनुसार मृतका **शैलू मिश्रा, पत्नी श्रवण मिश्रा, उम्र 38 वर्ष** ने घर की ओसारी में अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगा ली। प्रारंभिक तौर पर यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजन घटना के कारणों को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। सूचना मिलते ही खड्डी चौकी प्रभारी **नीरज कुमार साकेत** पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। चौकी प्रभारी ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में अचानक हुई इस घटना से सभी स्तब्ध हैं। परिजनों ने किसी तरह के विवाद की बात नहीं कही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला मानसिक तनाव में थी या आत्महत्या के पीछे कोई अन्य कारण था।