enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश 1.26 करोड़ लाड़ली बहनो के खाते में सीएम ने भेजी राशि

1.26 करोड़ लाड़ली बहनो के खाते में सीएम ने भेजी राशि

छतरपुर(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना के तहत मंगलवार को 31वीं किस्त जारी कर दी गई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने छतरपुर जिले के राजनगर से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 1.26 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 1500-1500 रुपये की राशि ट्रांसफर की। इस बार कुल 1857 करोड़ रुपये की राशि महिलाओं को वितरित की गई।

सरकार द्वारा हाल ही में योजना की मासिक किस्त को 1250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दिया गया है। इस योजना का लाभ विवाहित, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को मिलता है। अविवाहित महिलाएं फिलहाल पात्र नहीं हैं।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार बुंदेलखंड के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में कार्यक्रम के दौरान 510 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया गया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि खजुराहो के कन्वेंशन हॉल को 5-स्टार होटल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

लाड़ली बहना योजना की राशि खाते में आई है या नहीं, यह जांचने के लिए लाभार्थी आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी समग्र आईडी या रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज कर भुगतान स्थिति देख सकती हैं। पोर्टल पर “आवेदन एवं भुगतान की स्थिति” विकल्प चुनने के बाद ओटीपी सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होती है।

लाभ जारी रखने के लिए योजना से जुड़ी महिलाओं को समय सीमा के भीतर ई-केवाईसी अपडेट कराना अनिवार्य है। इसके लिए पोर्टल पर उपलब्ध ई-केवाईसी विकल्प में समग्र आईडी और आधार नंबर भरकर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

लाड़ली बहना योजना के माध्यम से राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। योजना की 31वीं किस्त जारी होने पर पूरे प्रदेश में महिलाओं में उत्साह देखा गया।

Share:

Leave a Comment