भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में सर्दी इस बार जल्दी रंग दिखा रही है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। भोपाल और इंदौर में कोल्ड वेव, जबकि नरसिंहपुर में कोल्ड डे की स्थिति रहने की चेतावनी दी गई है। प्रदेश के कई शहरों में तापमान लगातार गिर रहा है। शहडोल के कल्याणपुर में सबसे कम 4.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है। इंदौर में पिछले 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया, जहां रात का पारा 5.7 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में भी सर्दी ने जोर पकड़ा है और न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री रहा। उज्जैन में सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज हुई, जहां पारा 9 डिग्री तक गिर गया। ग्वालियर में 8.9 डिग्री, जबकि जबलपुर में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण ठंड और बढ़ सकती है। लोगों को रात और सुबह के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।