enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:साले–जीजा की लड़ाई से गूंजा न्यायालय परिसर, वकीलों ने भी बीच-बचाव में कर दी ‘धुनाई’

सीधी:साले–जीजा की लड़ाई से गूंजा न्यायालय परिसर, वकीलों ने भी बीच-बचाव में कर दी ‘धुनाई’

सीधी(ईन्यूज एमपी)- सोमवार दोपहर जिला न्यायालय परिसर उस समय रणभूमि में बदल गया, जब एक ही परिवार के सगे रिश्तेदार—साले और जीजा—आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुई हाथापाई से परिसर में मौजूद लोग दहशत में आ गए और कुछ देर के लिए अदालत परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, कोलूडीह और अमरपुर निवासी गुप्ता परिवार के सदस्य किसी पुराने विवाद को लेकर न्यायालय पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ी और हाथापाई में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्थिति इतनी बिगड़ी कि मारपीट कर रहे युवक ने बाइक की चैन तक उठा ली।

हंगामा सुनकर अधिवक्ता अपने-अपने कक्षों से बाहर निकल आए। वकीलों ने पहले तो पीड़ित युवक को झगड़े से अलग कर बचाने की कोशिश की। परंतु जब आरोपी बाज नहीं आया, तो वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने उसे पकड़कर कड़ी फटकार लगाई और बीच-बचाव के दौरान उसकी भी धुनाई कर दी। इस दौरान कुछ सेकंडों के लिए माहौल बिल्कुल अपराध स्थल जैसा प्रतीत हो रहा था।

अधिवक्ताओं के मारपीट में शामिल होने को लेकर कई लोग सवाल भी उठा रहे हैं, क्योंकि न्यायालय जैसा गरिमामयी परिसर अनुशासन और शांति का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में कानून के जानकारों द्वारा ही हाथ उठा लेना चर्चा का विषय बन गया है।

हालांकि, घटना की सूचना पुलिस तक पहुंची कि नहीं इसकी पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन घटना ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share:

Leave a Comment