भोपाल(ईन्यूज एमपी)- सर्द हवाओं ने पूरे मध्यप्रदेश को अपनी चपेट में ले लिया है। बीती रात भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत 26 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 14 दिन बाद प्रदेश में फिर शीतलहर और कोल्ड डे का असर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। रविवार को भोपाल, सीहोर और राजगढ़ में शीतलहर चलेगी, जबकि सोमवार को भोपाल, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, सिवनी और शहडोल कोल्ड वेव की चपेट में रहेंगे। उत्तर भारत में बर्फबारी का असर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी हो रही है। वहीं से उठकर आ रही बर्फीली हवाएं एमपी में ठंड बढ़ा रही हैं। पिछले 24 घंटों में भोपाल, राजगढ़, सीहोर, शाजापुर और शहडोल में शीतलहर दर्ज की गई। इंदौर, सिवनी, शाजापुर, बैतूल और नरसिंहपुर में दिन भी ठंडा रहा। ग्वालियर–चंबल और उज्जैन संभाग में सबसे अधिक असर पिछले 48 घंटों से ग्वालियर, चंबल, उज्जैन और सागर संभाग बर्फीली हवाओं की सीधी चपेट में हैं। यहां दिन और रात, दोनों तापमान में भारी गिरावट दर्ज हो रही है। सीजन की सबसे तीखी ठंड शुक्रवार-शनिवार की रात कई शहरों में तापमान 5 डिग्री से नीचे चला गया। सबसे ठंडा कल्याणपुर (शहडोल) रहा, जहां पारा 4 डिग्री पहुंचा। रीवा में 5.4, नौगांव में 5.7 और खजुराहो में 6.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। बड़े शहरों में इंदौर सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 6.2 डिग्री तक गिरा। भोपाल में 8.2, ग्वालियर में 7.6 और जबलपुर में 7.8 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में भी ठिठुरन, पारा 25 डिग्री से नीचे अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री से कम रहा। मलाजखंड (बालाघाट) सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री मापा गया। बैतूल, रीवा, धार, भोपाल, सीधी और कई जिलों में दिनभर कड़ाके की सर्दी रही। नवंबर में टूटे रिकॉर्ड इस बार नवंबर में ठंड ने कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए। भोपाल में 84 साल बाद नवंबर में सबसे लंबी—15 दिन की शीतलहर चली। इंदौर में भी 25 साल बाद इतनी तीखी ठंड दर्ज हुई। दिसंबर–जनवरी रहेंगे सबसे ठंडे महीने मौसम विभाग के अनुसार, दिसंबर और जनवरी में उत्तरी हवाएं सबसे अधिक सक्रिय रहती हैं, जिससे तापमान में भारी गिरावट आती है। इस बार भी ठंड सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। कई शहरों में 20–22 दिन तक कोल्ड वेव चल सकती है। किन जिलों में सबसे ज्यादा ठंड? – ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग – भोपाल संभाग के सीहोर-विदिशा – सागर, रीवा, सीधी–सिंगरौली, पन्ना, टीकमगढ़ – जबलपुर संभाग के मंडला–डिंडौरी – इंदौर संभाग के इंदौर, धार और झाबुआ