enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:धान खरीदी केंद्र में गड़बड़ी की शिकायत पर प्रशासन सख्त, कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

सीधी:धान खरीदी केंद्र में गड़बड़ी की शिकायत पर प्रशासन सख्त, कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

सीधी(ईन्यूज एमपी)- रामपुर नैकिन स्थित सरकारी धान खरीदी केंद्र में अनियमितताओं की शिकायत सामने आते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। किसानों ने आरोप लगाया था कि केंद्र में 40 किलो के निर्धारित माप के बजाय 41 किलो से अधिक की तौल की जा रही है और प्रति बोरी अतिरिक्त मजदूरी वसूली की आशंका भी है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने तत्काल जांच के निर्देश जारी किए।

निर्देश मिलते ही तहसीलदार रामपुर नैकिन आशीष मिश्रा, नायब तहसीलदार महेंद्र द्विवेदी और कृषि विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम खरीदी केंद्र पहुंची। टीम ने मौके पर निरीक्षण कर किसानों से तथ्य जुटाए। शुरुआती जांच में प्रक्रिया की पुष्टि की जा रही है, जबकि विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

घटना के बाद कलेक्टर ने जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तौल केवल 40 किलो के मानक पर ही हो, किसी भी प्रकार की अतिरिक्त वसूली पूरी तरह प्रतिबंधित है। तौल मशीन और रेकॉर्ड की नियमित जांच अनिवार्य की गई है। कलेक्टर ने यह भी कहा कि किसी भी शिकायत पर तत्काल निरीक्षण दल भेजा जाएगा और अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रतिदिन खरीदी केंद्रों की समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि किसानों के हितों की रक्षा और खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता पूरी तरह सुनिश्चित की जा सके।

Share:

Leave a Comment