भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को देखते हुए प्रदेश सरकार पांच हजार होमगार्ड जवानों की भर्ती करेगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित होमगार्ड स्थापना दिवस समारोह में की। होमगार्ड ग्राउंड में परेड की सलामी लेने के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंहस्थ व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष बैगा, सहरिया और भारिया बटालियन बनाई जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री अदम्य साहस पुरस्कार की शुरुआत करते हुए 10 टीमों को 51-51 हजार रुपये प्रदान किए गए। यह पुरस्कार हर वर्ष दिया जाएगा। समारोह में होमगार्ड जवानों के कल्याण से जुड़ी कई घोषणाएँ भी की गईं। मुख्यमंत्री ने अनुकंपा अनुदान राशि बढ़ाने, हर देवालय में होमगार्डों के लिए विशेष प्रार्थना का प्रावधान करने और स्थायी आवास उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा प्रयास किए जाने की घोषणा की। दो महीने के सेवा बाध्यकाल को समाप्त करने का निर्णय भी लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड न तो पुलिस से कम हैं और न पुलिस से अलग। आपदा की स्थितियों में उन्होंने जलदूतों की तरह कार्य करते हुए पिछले वर्ष पांच हजार से अधिक लोगों की जान बचाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भी आवश्यकता पड़ी, होमगार्ड हमेशा आगे रहे हैं।