सीधी(ईन्यूज एमपी)- आर्थिक अपराध अन्वेषण संगठन (EOW) ने बुधवार तड़के जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए खोखरा शाला के प्रभारी प्राचार्य अभिमन्यु सिंह चौहान के दो ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। टीम ने सुबह करीब पांच बजे अमहा स्थित ऊंची हवेली वाले आवास पर पहुंचकर कार्रवाई की शुरुआत की। इसी के साथ उनका मूल निवास मड़वास भी जांच के दायरे में लिया गया। सूत्रों के अनुसार अमहा में EOW की लगभग 20 सदस्यीय टीम, जिसमें निरीक्षक मोहित सक्सेना, हरीश त्रिपाठी, घनश्याम त्रिपाठी और संतोष पांडेय सहित अन्य अधिकारी शामिल थे, अचानक घर में पहुंची और औचक जांच शुरू की। बताया गया कि टीम ने प्राचार्य अभिमन्यु सिंह चौहान को नींद से जगाकर घर की तलाशी की प्रक्रिया शुरू की। EOW ने छापे की वजह का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कार्रवाई आर्थिक अनियमितताओं से जुड़ी शिकायतों के आधार पर की गई है। कार्रवाई के दौरान दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण सामग्रियों की जांच की जा रही है। छापे के बाद स्थानीय क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। लोग इस बात को लेकर उत्सुक हैं कि कार्रवाई आगे किस दिशा में बढ़ेगी और जांच में क्या निष्कर्ष सामने आएंगे। EOW द्वारा विस्तृत जानकारी मिलने का इंतजार है। ---