सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के कुसमी विकासखंड के लिए गौरव का क्षण तब आया, जब एकलव्य विद्यालय टमसार की कक्षा 8 की छात्रा मीनाक्षी सिंह ने हिंदी एलोक्यूशन प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर सीधी जिले का नाम पूरे देश में रोशन किया। मीनाक्षी ने अपनी उत्कृष्ट अभिव्यक्ति, विषय पर गहरी पकड़ और प्रभावशाली वक्तृत्व कौशल से देशभर के प्रतिभागियों को पीछे छोड़ दिया। उनकी इस उपलब्धि में विद्यालय के शिक्षकों के नियमित मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि मीनाक्षी शुरू से ही अध्ययन में मेधावी रही हैं और भाषण कला में विशेष रुचि रखती हैं। लगातार अभ्यास और मेहनत के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है। मीनाक्षी की राष्ट्रीय उपलब्धि ने जिले में प्रतिभाओं की उज्ज्वल परंपरा को और मजबूत किया है। यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी संदेश देती है कि सीमित संसाधनों में भी दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयत्न से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।