enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सांसद डॉ. मिश्रा ने लोकसभा में केंद्रीय उत्पाद शुल्क संशोधन विधेयक पर रखे तंबाकू के दुष्प्रभाव, सांसदों ने मेज थपथपाकर किया समर्थन

सांसद डॉ. मिश्रा ने लोकसभा में केंद्रीय उत्पाद शुल्क संशोधन विधेयक पर रखे तंबाकू के दुष्प्रभाव, सांसदों ने मेज थपथपाकर किया समर्थन

सीधी(ईन्यूज एमपी)- लोकसभा में केंद्रीय उत्पाद शुल्क (संशोधन) विधेयक 2025 पर चर्चा के दौरान सीधी लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं ख्यात चिकित्सक डॉ. राजेश मिश्रा ने तंबाकू उत्पादों से होने वाली गंभीर बीमारियों और सामाजिक दुष्परिणामों को विस्तार से रखा। उनके संबोधन का सदन में मौजूद सांसदों ने मेज थपथपाकर समर्थन किया।

सांसद डॉ. मिश्रा ने विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि यह कानून स्वास्थ्य, अर्थव्यवस्था, समाज और विशेषकर युवाओं के हित में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि तंबाकू से बने उत्पाद जैसे सिगरेट, बीड़ी, गुटका, खैनी, पान मसाला और हुक्का “मीठा जहर” हैं, जिनसे कैंसर, हाई बीपी और हृदय रोग जैसी घातक बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। विशेषकर युवा इनका शिकार होकर असमय काल के गाल में समा रहे हैं।

उन्होंने तंबाकू उत्पादों पर उच्च जीएसटी लगाने का समर्थन किया और कहा कि कीमत बढ़ने से इनका सेवन स्वतः कम होगा। डॉ. मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देते हुए कहा कि जब देश के स्वास्थ्य का स्वर्णिम इतिहास लिखा जाएगा, तब इस विधेयक का उल्लेख अवश्य होगा।

अपने सात मिनट के संबोधन में डॉ. मिश्रा ने कहा कि उत्तम स्वास्थ्य से ही सुदृढ़ राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 1947 से लेकर अब तक इस प्रकार के महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुधारों को लंबित रखा और जनता के स्वास्थ्य की चिंता नहीं की। उन्होंने कहा कि आज कम उम्र के बच्चे भी नशे की चपेट में आ रहे हैं, जिससे न केवल वे बल्कि पूरा परिवार प्रभावित होता है।

सांसद ने उम्मीद जताई कि यह विधेयक जल्द पारित होगा और युवाओं को नशे से दूर रखने में एक बड़ी भूमिका निभाएगा।

Share:

Leave a Comment