enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश भाजपा कार्यालय में रोज दो घंटे बैठेंगे मंत्री, कार्यकर्ताओं की समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण

भाजपा कार्यालय में रोज दो घंटे बैठेंगे मंत्री, कार्यकर्ताओं की समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- सरकार और संगठन के बीच तालमेल मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा ने नई व्यवस्था लागू की है। अब प्रदेश सरकार के मंत्री हर दिन दोपहर 1 से 3 बजे तक भाजपा के प्रदेश कार्यालय, भोपाल में उपलब्ध रहेंगे। कार्यकर्ता सीधे मंत्री से मिलकर अपनी समस्याएं और क्षेत्रीय मुद्दे रख सकेंगे।

नई व्यवस्था के पहले दिन उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने कार्यालय में बैठकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं ने जनसमस्याएं, क्षेत्रीय विकास, आवासीय और प्रशासनिक मुद्दों से जुड़े आवेदन सौंपे। मंत्रियों ने इन आवेदनों को विभागवार संकलित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि यह पहल कार्यकर्ताओं की सुविधा और पारदर्शी संवाद के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं को अब मंत्रियों के बंगले या मंत्रालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। संगठन का मानना है कि इससे आमजन की समस्याएं तेज गति से हल होंगी और कार्यकर्ता सीधे शासन स्तर पर अपनी बात रख सकेंगे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करेगा और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद बढ़ाएगा। यह व्यवस्था आगामी चुनावी तैयारियों के संदर्भ में भी अहम मानी जा रही है।

Share:

Leave a Comment