enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी जिला तंबाकू-मुक्त युवा अभियान में प्रदेश में चमका — ऑनलाइन शपथ में हासिल किया द्वितीय स्थान

सीधी जिला तंबाकू-मुक्त युवा अभियान में प्रदेश में चमका — ऑनलाइन शपथ में हासिल किया द्वितीय स्थान

सीधी (ईन्यूज एमपी)-भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित तंबाकू-मुक्त युवा अभियान 3.0 में सीधी जिले ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। ऑनलाइन शपथ सहभागिता में जिले ने पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। यह उपलब्धि प्रशासन, शिक्षा संस्थानों और सामुदायिक सहयोग के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।

कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी के मार्गदर्शन में, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बबीता खरे के नेतृत्व तथा जिला नोडल अधिकारी डॉ. स्वाती सिंह के सतत प्रयासों से जिले में विद्यालयों, महाविद्यालयों और समुदाय स्तर पर तंबाकू निषेध से जुड़ी विभिन्न गतिविधियाँ निरंतर संचालित की जा रही हैं।

डॉ. स्वाती सिंह द्वारा तंबाकू सेवन के गंभीर दुष्प्रभावों, नशा मुक्ति के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली पर केंद्रित जागरूकता कार्यक्रम बड़े पैमाने पर आयोजित किए जा रहे हैं। सामूहिक शपथ, जनजागरण रैलियाँ, संवाद सत्र एवं सोशल मीडिया अभियानों में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, स्वयंसेवी संगठनों तथा विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी इस मुहिम को नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।

नागरिक नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर आसानी से ऑनलाइन ई-शपथ ले सकते हैं—
👉 https://pledge.mygov.in/say-no-to-tobacco-2025/

शपथ लेने के उपरांत प्रतिभागी प्रमाणपत्र डाउनलोड कर सोशल मीडिया प्लेटफार्म WhatsApp, Facebook, Instagram और X पर साझा कर अपने परिचितों को भी इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में ई-शपथ लेकर तथा अन्य लोगों को प्रेरित कर सीधी को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने में सहयोग दें। यह अभियान तंबाकू-मुक्त, नशा-मुक्त और स्वस्थ समाज निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share:

Leave a Comment