enewsmp.com
Home सीधी दर्पण द बर्निंग कार?जमोड़ी थाने के पास चलती अर्टिगा में लगी भीषण आग

द बर्निंग कार?जमोड़ी थाने के पास चलती अर्टिगा में लगी भीषण आग

सीधी(ईन्यूज एमपी)- शनिवार रात जमोड़ी थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब अमरवाह से सीधी की ओर जा रही एक चलती अर्टिगा कार (एमपी 63 ZD 2643) अचानक आग की चपेट में आ गई। आग लगते ही कार चालक और उसमें सवार दो लोग किसी तरह बाहर कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में अचानक एक जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद करीब 10 मिनट के भीतर एक के बाद एक तीन तेज धमाके सुनाई दिए। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी कार धधक उठी और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। लपटें इतनी ऊंची थीं कि कुछ देर के लिए ट्रैफिक भी बाधित हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को बुलाया, लेकिन दमकल वाहन लगभग 15 मिनट बाद मौके पर पहुंचा। तब तक दो साल पुरानी अर्टिगा कार पूरी तरह खाक हो चुकी थी। राहगीर विनय त्रिपाठी ने बताया कि समय पर दमकल पहुंच जाती तो नुकसान कम हो सकता था। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के दौरान नगर पालिका सीएमओ मिनी अग्रवाल को कॉल किया गया, लेकिन फोन रिसीव न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ी।

जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट था या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Share:

Leave a Comment