सीधी(ईन्यूज एमपी)- पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में चल रहे ‘मुस्कान अभियान’ के तहत सीधी जिले की जमोड़ी पुलिस ने एक उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने लगभग 2500 किलोमीटर का लंबा सफर तय करते हुए तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले से एक अपहृत नाबालिग लड़की को मुक्त कराया और उसे बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया। घटना 1 अगस्त 2025 की है, जब किशोरी अचानक घर से लापता हो गई थी। जांच में पता चला कि आरोपी उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था और पिछले चार महीनों से उसे अपने कब्जे में रखे हुए था। जमोड़ी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का अनुसरण करते हुए तेलंगाना के थाना मोकिला क्षेत्र में लोकेशन चिन्हित की। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश दी गई और आरोपी को गिरफ्तार कर पीड़िता को सुरक्षित बरामद किया गया। दस्तयाबी के बाद जब किशोरी को उसके माता-पिता से मिलाया गया, तो थाना परिसर भावुक माहौल से भर उठा। बेटी ने बताया कि वह डरी हुई थी और वापस घर लौटने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी। परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस ने उनकी बेटी को नया जीवन दिया है। इस विशेष अभियान में थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक गोविंद लाल, आरक्षक के.पी. सिंह, महिला आरक्षक यशोदा उइके और आरक्षक कृष्ण मुरारी द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि दूरी कितनी भी हो, सीधी पुलिस अपनी बेटियों की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि अपराधी यह न समझें कि दूसरे राज्य में छिपकर बच जाएंगे, क्योंकि पुलिस हर जगह तक पहुंचने में सक्षम है। पुलिस की यह कार्रवाई जिले में बेटियों की सुरक्षा के प्रति विश्वास को और मजबूत करती है।