भुईमाड़(ईन्यूज एमपी)- भुईमाड़ थाना क्षेत्र के तेलियान मोहल्ले में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक आम के पेड़ पर युवक और युवती के शव एक ही नायलॉन की रस्सी से लटके मिले, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान अमरकेश साहू (20) पिता रोशनलाल साहू निवासी तेलियान मोहल्ला, भुईमाड़ और संगीता यादव (19) पिता काशी प्रसाद यादव निवासी कठौतिया, भुईमाड़ के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच के अनुसार घटना स्थल युवक के घर से लगभग 50 मीटर तथा युवती के घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। परिजनों के अनुसार अमरकेश की शादी वर्ष 2023 में हुई थी। वहीं युवती संगीता के पिता ने बताया कि वह शुक्रवार रात करीब 12 बजे घर से बाहर निकली थी और रातभर तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं चला। परिजन और ग्रामीण रातभर खोजबीन करते रहे। इसी दौरान रात करीब 3 बजे अमरकेश को देखा गया, लेकिन संगीता गायब थी। शनिवार सुबह करीब 6.30 बजे स्थानीय निवासी रामसखा साहू ने आम के पेड़ पर दोनों के शव देखे और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही भुईमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुँची, पंचनामा तैयार किया और दोनों के शव नीचे उतरवाए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेजा गया। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिए गए। फिलहाल युवक-युवती की मौत के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। घटना ने क्षेत्र में कई सवाल खड़े कर दिए हैं और हर किसी में गहरी दहशत व सन्नाटा है।